समर्पित चिकित्सक स्वस्थ समाज की मजबूत नींव: केशव प्रसाद मौर्य

आईएमए लखनऊ के वार्षिक समारोह में करीब 90 चिकित्सक सम्मानित, आठ को विशिष्ट पुरस्कार

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी सेवा भावना, समर्पण और विशेषज्ञता स्वस्थ एवं सशक्त समाज की मजबूत नींव है। चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का भी माध्यम है।

वह शनिवार को रिवर बैंक कॉलोनी स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), लखनऊ के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा ज्ञान के साथ मानवीय संवेदना और सेवा भाव से लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बीमारियों की समय पर पहचान और ग्रामीण व जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में चिकित्सक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सम्मानित चिकित्सकों को बधाई देते हुए समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की।

समारोह में चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक सहयोग और सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए करीब 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इनमें आठ चिकित्सकों को विभिन्न श्रेणियों में विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में लखनऊ उत्तर के विधायक एवं आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

आईएमए लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने संगठन की वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिकित्सा शिक्षा, जनस्वास्थ्य जागरूकता, ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर, कैंसर समेत विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूकता, सीपीआर प्रशिक्षण और रक्तदान जैसी गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया। चिकित्सकों के स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ आईएमए भवन में जिम्नेजियम भी स्थापित किया गया।

इन आठ चिकित्सकों को मिले विशिष्ट पुरस्कार

डॉ. अर्चिका गुप्ता को डॉ. मनोरमा अग्रवाल डायमंड जुबली सिल्वर मेडल, डॉ. नीरज टंडन को कैंसर के क्षेत्र में कार्य के लिए श्री हुकुम चंद जैन मेमोरियल अवॉर्ड, डॉ. राकेश श्रीवास्तव को बेस्ट जनरल मेडिकल प्रैक्टिशनर अवॉर्ड, डॉ. संजय श्रीवास्तव को डॉ. एच. एन. शिवपुरी अवॉर्ड, डॉ. सीमा मेहरोत्रा को आउटस्टैंडिंग मेरिटोरियस सर्विस अवॉर्ड, डॉ. शिप्रा नाथ को बेस्ट आईएमए मेंबर ऑफ द ईयर, डॉ. सुधा सिंह को पैथोलॉजिस्ट ऑफ द ईयर और डॉ. वंदना सोलंकी को बेस्ट रिसर्च वर्कर्स ऑफ द ईयर अवॉर्ड प्रदान किया गया।

डॉ. नीरज बोरा ने आईएमए की शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों की सराहना की। आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने अतिथियों, चिकित्सकों और आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों के प्रति आभार जताया। समारोह में गीत-संगीत, नृत्य, डांडिया और गरबा की प्रस्तुतियां भी हुईं, जिनमें चिकित्सकों और उनके परिजनों ने भाग लिया।