दिल्ली की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के लिए यूपी कांग्रेस ने झोंकी ताकत, 75 जिलों में तैयारियां तेज

लखनऊ। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश के सभी छह जोन और 75 जिलों में कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने के लिए संगठन स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ खुद तैयारियों की निगरानी कर रही हैं। इसके लिए प्रदेश मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम से लगातार समीक्षा की जा रही है।

कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, दिल्ली स्थित पार्टी के वार रूम से राष्ट्रीय महासचिव एवं संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश मुख्यालय के कनेक्ट सेंटर के जरिए सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों, छह जोन और 75 जिलों से समन्वय बनाया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बताया कि पश्चिम, बृज, अवध, बुंदेलखंड, प्रयाग और पूर्वांचल जोन में संगठनात्मक बैठकें हो चुकी हैं। जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं को कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी रैली की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने जिला स्तर पर वरिष्ठ नेताओं को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही सामाजिक संगठनों, सिविल सोसाइटी और प्रबुद्ध लोगों से संपर्क कर उन्हें रैली में शामिल होने की अपील की जा रही है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने मोर्चा संभाला है। पार्टी के मुताबिक, वह अब तक 30 से अधिक संगठनात्मक बैठकें कर चुके हैं। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को जोनवार और जिलावार तैयारियों की जिम्मेदारी दी गई है।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ केवल रैली का नारा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता की आवाज उठा रही है।

आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने उम्मीद जताई कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और लोकतंत्र समर्थक नागरिक पहुंचेंगे। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और एकजुटता के साथ रैली में शामिल होने की अपील की है।

काकोरी के गोप्रमाऊ गांव में ‘खेत बचाओ अभियान’, 50 किसानों को टिकाऊ खेती के लिए किया जागरूक