सतरंगी सम्मान से सम्मानित हुईं कई विभूतियां

लखनऊ संवाददाता। वृंदावन योजना स्थित मलिक कॉम्पलेक्स के ओपन प्रांगण में रविवार शाम “जीवन में खुशियों के रंग – द फैमिली फेस्टिवल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जे.पी.एस. स्टार 11 के तत्वावधान में हुआ, जिसमें शहर की कई विभूतियों को सतरंगी सम्मान से नवाजा गया।

समारोह के दौरान अरविंद सक्सेना ने के. मलिक, प्रदीप श्रीवास्तव, अनिल कुमार, संजय खन्ना, अभिषेक, मनीषा यादव, ज़ेबा खान, सुमित सिंह, रमन दीक्षित, अनित, अमित, उजाला पाल और नेहा वर्मा को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खास आकर्षण बटोरा। मनीषा यादव के निर्देशन में घुंघरू डांस अकादमी के कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद दिव्य आशीष योग संस्थान के कलाकारों ने योग प्रदर्शन के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इसके अलावा बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं। आराध्या, अविका, आराधना, अनन्या और नित्या ने पर्वतीय नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं “घर मोरे परदेसिया” गीत पर आराध्या, अविका और अनन्या की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। आराध्या और अविका ने कालबेलिया नृत्य से कार्यक्रम में रंग भर दिए।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम से जुड़ी तीन तस्वीरें देखिए …..