लखनऊ। राजधानी के गोसाईगंज निवासी और राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि कमल अग्नेय को साहित्य एवं काव्य जगत के प्रतिष्ठित ‘नंदकिशोर किशोर सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। उत्तराखंड में ललित फाउंडेशन द्वारा आयोजित चर्चित ‘अभिव्यंजना’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान समारोह में देश के जाने-माने साहित्यकार और कवि डॉ. कुमार विश्वास, डॉ. हरिओम पवार और अशोक चक्रधर समेत अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान कमल अग्नेय ने अपने चर्चित ‘अभिमन्यु महाकाव्य’ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसने मुख्यमंत्री सहित सभागार में मौजूद सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कमल अग्नेय की दमदार काव्य प्रस्तुति से प्रभावित होकर आयोजकों ने मंच से घोषित 51 हजार रुपये की सम्मान राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की घोषणा कर दी। यह उपलब्धि न केवल कमल अग्नेय के साहित्यिक योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना है, बल्कि लखनऊ और गोसाईगंज क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय बन गई है।
जैसे ही सम्मान मिलने की खबर उनके गृह क्षेत्र और राजधानीवासियों तक पहुंची, साहित्य प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे लखनऊ की साहित्यिक प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर सम्मान बताया।
इस अवसर पर गोसाईगंज नगर पंचायत के चेयरमैन निखिल मिश्रा समेत अनेक गणमान्य लोगों ने कमल अग्नेय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साहित्य जगत में उनकी यह उपलब्धि युवा रचनाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।