लखनऊ के सन रिसॉर्ट में ‘आवो रे आवो डांडिया उत्सव 2026’ की धूम

महा आरती से हुई शुरुआत, डांस-सिंगिंग प्रतियोगिताओं और आकर्षक उपाधियों ने बढ़ाया उत्साह

लखनऊ। शहर के सन रिसॉर्ट में ‘आवो रे आवो डांडिया उत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। श्रीमती आरती और दिवम शर्मा की ओर से आयोजित इस उत्सव में नवरात्रि की भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक रंग देखने को मिले। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की महाआरती से हुई। इसके बाद स्नेहा रस्तोगी ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

डांडिया संगीत की धुनों पर सैकड़ों युवक-युवतियों ने उत्साह के साथ नृत्य किया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में टंग ट्विस्टर, नृत्य और गायन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर मौजूद लोगों का मनोरंजन किया। इस दौरान ‘डांसिंग क्वीन’ और ‘बेस्ट ड्रेस’ सहित विभिन्न आकर्षक उपाधियां देकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नागरिक सुरक्षा, राजाजीपुरम के मंडलीय वार्डन डॉ. दिनेश माथुर मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में एमिटी स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. प्रेरणा मित्र, गौरव ह्यूमन और प्रियंका दीक्षित शामिल रहे। इनके अलावा रुचि माथुर, दीपिका, मीनू, डॉ. चारू, कादम्बिनी और अर्चना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।