लखनऊ में कारोबारी के अपहरण और 13 लाख की फिरौती में दो और गिरफ्तार

फर्जी पुलिस आईडी दिखाकर किया था अपहरण, गिरोह के छह सदस्य पहले ही जा चुके हैं जेल; 1.34 लाख रुपये बरामद

लखनऊ । कारोबारी का अपहरण कर 13 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर फिरौती में वसूलने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपियों को कृष्णानगर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपियों के कब्जे से 1.34 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, आलमबाग के राजेंद्रनगर निवासी कारोबारी सुदर्शन घोष ने 13 सितंबर 2026 को कृष्णानगर थाने में अपहरण कर फिरौती वसूलने की एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने 12 सितंबर को उनके कार्यालय के पास खुद को पुलिस अधिकारी बताकर उन्हें गाड़ी में बैठा लिया था। आरोपियों ने फर्जी पुलिस पहचान पत्र दिखाकर पूछताछ के बहाने उनका अपहरण किया और फिरौती के लिए धमकाया।

इसके बाद कारोबारी से जबरन उनकी पत्नी को फोन कराया गया और उन्हें छोड़ने के बदले रुपये मांगे गए। पुलिस के अनुसार, कारोबारी के ड्राइवर के माध्यम से आरोपियों को 13 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर मिले थे। इसके बाद कारोबारी को शहीद पथ के पास छोड़ दिया गया था।

एंटीक कारोबार की जानकारी से बनाई अपहरण की योजना

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नवनीत सिंह कारोबारी का परिचित था और पहले एंटीक सामान की खरीद-बिक्री का काम कर चुका था। उसे कारोबारी के पास काफी धन और जेवर होने की जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर गिरोह ने कारोबारी की गतिविधियों की रेकी की और वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में सक्रिय थे। वारदात में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियों पर कथित तौर पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी, ताकि पुलिस से बचा जा सके। घटना के बाद आरोपी अलग-अलग राज्यों में चले गए थे। पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के छह सदस्य पहले गिरफ्तार हुए तो बाकी आरोपी भी छिपने लगे। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दोबारा लखनऊ आकर अगली वारदात का मौका तलाश रहे थे।

इनकी हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने 19 अक्टूबर को पंकज भूषण कुमार (47), निवासी रंगारेड्डी, हैदराबाद, तेलंगाना, मूल निवासी नालंदा, बिहार और नवनीत सिंह (32), निवासी न्यू बेहसा, मानसरोवर योजना, सरोजनीनगर, लखनऊ को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 1,34,500 रुपये नकद बरामद किए गए।