फैजुल्लागंज में बाढ़ पीड़ितों से मिले रक्षामंत्री, राहत सामग्री बांटी; बोले- कोई भी प्रभावित परिवार मदद से वंचित न रहे
लखनऊ। फैजुल्लागंज में बाढ़ की समस्या से जूझ रहे लोगों को स्थायी राहत दिलाने के लिए पक्का पुल से आईआईएम तक बांध बनाया जाएगा। इसका शिलान्यास जल्द होगा। गुरुवार को फैजुल्लागंज पहुंचे केंद्रीय रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत सामग्री बांटी। उन्होंने कहा कि बांध निर्माण की योजना तैयार है और इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत भी हो चुकी है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी समस्या का समाधान चुटकी बजाते ही नहीं हो सकता। इसके लिए थोड़ा धैर्य रखना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

‘मदद करना एहसान नहीं, हमारा फर्ज है’
रक्षामंत्री ने कहा कि फैजुल्लागंज में बाढ़ की जानकारी मिलने के बाद से वह लगातार हालात पर नजर रख रहे थे। स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, उनकी टीम और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रयास किए हैं। उन्होंने विधायक से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे और हर जरूरतमंद तक उसकी आवश्यकता के अनुसार मदद पहुंचे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि लोगों की सहायता करना कोई एहसान नहीं, बल्कि उनका फर्ज है। जनता ने जनप्रतिनिधियों पर जो भरोसा जताया है, वह सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पानी उतरने के बाद बीमारियों से बचाव की तैयारी
रक्षामंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद कई तरह की बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन जरूरी कदम उठा रहा है, ताकि लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
डिप्टी सीएम बोले- बांध बनने से मिलेगी राहत
कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि फैजुल्लागंज में बांध बनने से लोगों को बार-बार बाढ़ जैसे हालात का सामना करने से राहत मिलेगी। वहीं, स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि राजनाथ सिंह बाढ़ की जानकारी मिलने के बाद से ही क्षेत्र के हालात को लेकर चिंतित थे। उन्होंने भरोसा जताया कि राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, पवन सिंह चौहान और रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, विधायक योगेश शुक्ला और ओपी श्रीवास्तव समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।