लखनऊ संवाददाता। मोहनलालगंज स्थित डीएलएफ गार्डन सिटी परिसर में संचालित लखनऊ पब्लिक वर्ल्ड स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से कक्षा 12वीं तक की स्थायी संबद्धता प्राप्त हो गई है। बोर्ड ने स्कूल को संबद्धता संख्या 2134782 आवंटित की है। इस मान्यता के साथ अब विद्यालय में कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश का मार्ग भी खुल गया है।
यूपीएससी-पीसीएस में छात्रों का शानदार प्रदर्शन
लखनऊ पब्लिक स्कूल एंड कॉलेजेज समूह के लिए यह साल दोहरी खुशियां लेकर आया है। संस्थान के पूर्व छात्रों ने देश की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। माधोगंज शाखा के योगेंद्र कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 286वीं रैंक हासिल कर आईएएस पद प्राप्त किया। वहीं, लखीमपुर खीरी के सचिन वर्मा ने यूपीएससी और पीसीएस दोनों परीक्षाओं में सफलता पाई।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा में भी संस्थान के 8 छात्र चयनित हुए हैं, जिनमें अभय कुमार, अभिषेक दीक्षित, निधि वर्मा, संदीप सिंह, अमित कुमार और प्रिया गुप्ता शामिल हैं।
आधुनिक सुविधाओं और नवाचार पर जोर
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, संस्थान में ‘कॉम्पिटेंसी-बेस्ड’ और ‘स्किल-बेस्ड’ शिक्षा प्रणाली पर विशेष जोर दिया जा रहा है। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए परिसर में आधुनिक और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
विद्यालय प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य छात्रों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और नैतिक नागरिक के रूप में तैयार करना भी है।