लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज इलाके में तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया है। यहां एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने बाइक सवार 12 वर्षीय मासूम को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जो पिछले तीन दिनों से ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
दुकान जा रहा था मासूम, अचानक मारी टक्कर
उत्तरगांव निवासी पुष्पा देवी का बेटा अर्पित उर्फ अर्पित चौरसिया (12) 31 मार्च की शाम करीब 5 बजे गांव के ही संजू के साथ बाइक से अम्बलिका कॉलेज के पास दुकान जा रहा था। तभी तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो (नंबर UP 32 JW 4851) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर मारकर भागा चालक, सड़क पर तड़पता रहा बच्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा सड़क पर दूर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। आरोप है कि चालक प्रांशू मौके पर रुके बिना ही फरार हो गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह बच्चे को उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
CHC से KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर, हालत नाजुक
घायल अर्पित को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि हादसे के तीन दिन बाद भी बच्चे को होश नहीं आया है।
मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पीड़िता पुष्पा देवी की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।