लखनऊ में कल इन रास्तों पर जाने से बचें, सुबह 5 बजे से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन

लखनऊ। शनिवार को जनभवन से ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली निकाली जाएगी। कार्यक्रम सुबह सात बजे प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर यातायात पुलिस ने हजरतगंज और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। डायवर्जन सुबह पांच बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक आवश्यकतानुसार लागू रहेगा।

यातायात पुलिस के मुताबिक, सुभाष चौराहे से हजरतगंज की ओर आने वाले वाहन केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहा, मोतीमहल तिराहा, सहारागंज तिराहा और सिकंदरबाग चौराहे से होकर जा सकेंगे। सिकंदरबाग से हजरतगंज चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को दैनिक जागरण चौराहा अथवा सहारागंज तिराहे से वैकल्पिक मार्ग दिया जाएगा।

बंदरियाबाग से हजरतगंज की ओर आने वाले वाहन 1090 चौराहा या एसएन ओवरब्रिज, कैंट होकर जा सकेंगे। बर्लिंगटन चौराहे से रॉयल होटल और हजरतगंज की ओर जाने वाले वाहनों को उदयगंज और कैंट होकर निकाला जाएगा। इसके अलावा लालबाग चौराहे से मेफेयर तिराहे, थाना हजरतगंज से वाल्मीकि तिराहे और डनलप तिराहे से अल्का तिराहे की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

सुभाष/परिवर्तन चौक से अशोकलाट चौराहे और रॉयल होटल चौराहे से अशोकलाट चौराहे की ओर भी सामान्य वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

चिकित्सकीय आपात स्थिति में एंबुलेंस, दमकल, शव वाहन और स्कूली वाहनों को आवश्यकतानुसार प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति रहेगी। किसी भी असुविधा पर यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।