फैजुल्लागंज में स्वच्छता और बीमारियों से बचाव पर जोर, बोरा फाउंडेशन जल्द शुरू करेगा पहल
लखनऊ। फैजुल्लागंज में बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब प्रभावित परिवारों के सामने साफ-सफाई और बीमारियों से बचाव की चुनौती है। इसे देखते हुए समाजसेवी एवं बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन बिंदु बोरा ने लोगों से स्वास्थ्य और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन के साथ साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराना भी जरूरी है। बोरा फाउंडेशन की ओर से इस दिशा में जल्द पहल की जाएगी।
बिंदु बोरा ने कहा कि बाढ़ के बाद जगह-जगह जमा गंदगी, दूषित पानी और जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने, भोजन से पहले हाथ धोने और घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। बुखार, उल्टी-दस्त या त्वचा संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि आपदा के समय जरूरतमंद परिवारों की मदद करना समाज के हर सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। बाढ़ प्रभावित लोगों को सामान्य जीवन में लौटने के लिए सहयोग और संवेदनशीलता की जरूरत है। उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सफाई, जल निकासी, मच्छर नियंत्रण और स्वास्थ्य जागरूकता के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए इन्हें लगातार जारी रखने पर जोर दिया।
बोरा फाउंडेशन के निदेशक वत्सल बोरा ने कहा कि सरकार, प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी और वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकेंगे।