लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत बुधवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के मंडल–2 स्थित बूथ संख्या–82 पर घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गली-गली जाकर नागरिकों से संपर्क किया।
अभियान के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची में छूट रहे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाए गए। साथ ही मतदाता सूची में संशोधन और त्रुटियों को ठीक कराने की प्रक्रिया के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि जनसंपर्क अभियान लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करता है और चुनाव प्रक्रिया में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करता है। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं के फॉर्म भरवाए जा रहे हैं, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराए जा सकें।
महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान “हर घर तक पहुंच, हर मतदाता की भागीदारी और हर वोट के अधिकार” को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। कार्यकर्ता कैंप लगाकर और घर-घर जाकर फॉर्म भरवाने के साथ आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दे रहे हैं।
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि इस अभियान में चेतन सिंह बिष्ट, मान सिंह, मंडल अध्यक्ष महेंद्र लोधी, सचिन वैश्य सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।