रामलला मंदिर की द्वितीय वर्षगांठ पर समाजसेवा, पुरहिया गांव में जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल

लखनऊ। अयोध्या में श्रीरामलला मंदिर की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर गुरुवार को निगोहां क्षेत्र के पुरहिया गांव में सेवा और समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। वरिष्ठ समाजसेवी एवं भूतपूर्व सैनिक नीरज दीक्षित और अरविंद दीक्षित के तत्वावधान में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को ठंड से राहत प्रदान की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहायक पुलिस आयुक्त विकास कुमार पांडे व विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए।

इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त विकास कुमार पांडे ने कहा कि समाजसेवियों द्वारा किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम जरूरतमंदों तक सीधी राहत पहुंचाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने कहा कि सामाजिक सहयोग और सेवा भावना से ही एक मजबूत और संवेदनशील समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के आयोजक नीरज दीक्षित ने कहा कि श्रीराम के आदर्श समाजसेवा, करुणा और समरसता का संदेश देते हैं। मंदिर की वर्षगांठ पर जरूरतमंदों की सेवा कर आत्मिक संतोष मिलता है और आगे भी इस तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

सह-आयोजक अरविंद दीक्षित ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पत्रकारों और समाजसेवियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर नगराम थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश द्विवेदी, विजय जायसवाल, मुकेश द्विवेदी, विमल सिंह, मुकेश मिश्रा, मोईन खान, जय शुक्ला, शिवा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।