पीजीआई क्षेत्र में परिवार की कार में टक्कर, बच्चे को आई चोट, अभद्रता और मारपीट—एक हफ्ते बाद दर्ज हुआ मुकदमा

लखनऊ। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र में सड़क पर लापरवाही और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। वृंदावन योजना सेक्टर-13 में बीती 16 जनवरी की देर रात परिवार संग घर लौट रहे दंपति की कार में उल्टी दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कार में बैठे दो वर्षीय बच्चे को चोट लग गई, इसके बावजूद आरोपियों ने पीड़ित परिवार के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की।

पीड़िता उदिशा पत्नी शिवम कुमार, निवासी ग्राम राजा रामपुर फजिल उर्फ अलोपुर, थाना कीरतपुर, जिला बिजनौर (वर्तमान पता: सूर्य शक्ति एनक्लेव, सेक्टर-13, पीजीआई, लखनऊ) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जनवरी की रात करीब 10:50 बजे वह अपने पति और दो वर्षीय बेटे के साथ कार संख्या UP 20 CU 8576 से घर लौट रही थीं।

पासी चौराहे के पास उल्टी दिशा से आ रही कार संख्या UP 51 AH 1830, जिसे सतीशचंद्र वर्मा चला रहा था, ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी कार में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई और बच्चे को सिर में चोट आई।

आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में था और उसने पीड़िता व उनके पति के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में एक अन्य कार संख्या UP 32 NA 6903 मौके पर पहुंची, जिसमें सवार दो अन्य लोग आरोपी के साथी बताए जा रहे हैं। तीनों ने मिलकर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की।

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे दहशत में हैं और किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। पीड़िता द्वारा 17 जनवरी को तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस ने एक सप्ताह बाद मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पीजीआई कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।