पूर्वांचल को बड़ी रेल सौगात: 19 जून से शुरू होंगी नई ट्रेन सेवाएं, मऊ से दिल्ली की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

लखनऊ। पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के प्रयासों से क्षेत्र को कई नई रेल सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है। रेल मंत्रालय ने 19 जून से नई ट्रेन सेवाओं के संचालन को मंजूरी दे दी है, जिससे मऊ, मधुबन और आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

मंगलवार को जारी बयान में मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि पूर्वांचल की रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वह लगातार रेल मंत्रालय और वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के संपर्क में रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें रेल मंत्रालय के समक्ष रखी गई थीं, जिन पर सकारात्मक निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि 19 जून से दोहरीघाट-औंड़िहार नई मेमू ट्रेन का संचालन वाराणसी तक किया जाएगा। इसके अलावा मऊ-आनंद विहार (दिल्ली) स्पेशल ट्रेन का नियमित संचालन मऊ से शुरू होगा। वहीं छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन भी मऊ के रास्ते किए जाने का निर्णय लिया गया है।

मंत्री ने कहा कि इन नई रेल सेवाओं से पूर्वांचल के लोगों को दिल्ली और वाराणसी सहित अन्य प्रमुख शहरों तक बेहतर और सुगम रेल संपर्क मिलेगा। इससे क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, रोजगार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि 19 जून को मऊ रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर जनता को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर नई रेल सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

ए. के. शर्मा ने पूर्वांचल की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से 19 जून को मऊ रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।