एटीएम पर मदद के बहाने कार्ड बदला, खाते से 76 हजार रुपए की ठगी

लखनऊ। राजधानी के पीजीआई क्षेत्र में एटीएम पर मदद के बहाने एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर 76 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

आशियाना थाना क्षेत्र के छोटा देवी खेड़ा निवासी महेश कुमार के अनुसार, वह 5 जून  की सुबह करीब 10:30 बजे सुभानी खेड़ा चौराहे पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से रुपए निकालने पहुंचे थे। कई बार प्रयास करने के बाद भी जब मशीन से नकदी नहीं निकली तो वहां मौजूद एक युवक ने मदद की पेशकश की।

आरोप है कि युवक ने एटीएम कार्ड लेकर मशीन में लगाने और ट्रांजैक्शन कराने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने कार्ड का पिन जान लिया और चालाकी से महेश कुमार का एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड वापस कर दिया। कुछ देर बाद युवक वहां से चला गया।

शाम को मोबाइल पर खाते से निकासी और खरीदारी के मैसेज आने लगे। कार्ड की जांच करने पर पीड़ित को पता चला कि उनका असली एटीएम कार्ड बदल दिया गया है। पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने 5 जून से 6 जून की सुबह तक विभिन्न एटीएम से 26 हजार रुपए नकद निकाले, जबकि 50 हजार रुपए की खरीदारी भी की। इस तरह कुल 76 हजार रुपए की ठगी हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही महेश कुमार ने बैंक पहुंचकर अपना कार्ड ब्लॉक कराया और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।