मोहनलालगंज और कृष्णानगर संभाल चुके रजनीश वर्मा अब हजरतगंज के एसीपी

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार को तीन सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए गए। पुलिस आयुक्त कार्यालय से जारी सूची के अनुसार विभिन्न सर्किलों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, वर्तमान में एसीपी कृष्णानगर के पद पर तैनात रजनीश वर्मा को एसीपी हजरतगंज बनाया गया है। रजनीश वर्मा इससे पहले मोहनलालगंज सर्किल के एसीपी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण व जनसुनवाई को लेकर उनकी कार्यशैली चर्चा में रही है।

वहीं, अभिषेक कुमार पाण्डेय को एसीपी कृष्णानगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उदय प्रताप सिंह को एसीपी यातायात नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारी अब अपने-अपने नए कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकताओं और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के दृष्टिगत किया गया है।