लखनऊ। मानसून की दस्तक से पहले ही निगोहां क्षेत्र के रामपुर गांव में जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। हल्की बारिश के बाद गांव का मुख्य मार्ग जलमग्न हो गया, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से चोक पड़ी पाइप लाइन के कारण बारिश का पानी सड़क पर भर जाता है, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे जल निकासी के लिए डाली गई पाइप लाइन काफी समय से बंद पड़ी है। इसके चलते बारिश का पानी निकल नहीं पाता और मुख्य मार्ग पर जमा हो जाता है। हालात यह हैं कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है, वहीं पैदल चलने वालों को भी जोखिम उठाना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर साल यह समस्या सामने आती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और लोगों की दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित होती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि चोक पड़ी पाइप लाइन की तत्काल सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।