जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट ने 280 दिव्यांग और वृद्धजनों को बांटे सहायक उपकरण

सत्येंद्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

लखनऊ। मोहनलालगंज में बुधवार को सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली, जब जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट एवं प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र की पहल पर आयोजित विशेष शिविर में 280 दिव्यांग और वृद्धजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, छड़ी और अन्य उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। आयोजकों ने कहा कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

कालेवीर बाबा मंदिर प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविर के पहले दिन जरूरतमंद दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं दिव्यांग बच्चों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र सदस्य विधान परिषद इंजी. अवनीश कुमार सिंह एवं जिला महामंत्री धीरेन्द्र पांडेय ‘धीरू’ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ ने बताया कि संस्था के स्वयंसेवकों ने विकास खंड मोहनलालगंज की विभिन्न ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर जरूरतमंद दिव्यांगजनों का चिन्हांकन और पंजीकरण कराया था। चयनित लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सर्वाइकल कॉलर, छड़ी, कमर बेल्ट समेत अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनका दैनिक जीवन सुगम हो सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम प्रभारी एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के कमजोर, असहाय और जरूरतमंद वर्गों को सहयोग प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता देना है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र से श्याम मोहन शुक्ला, श्रीकांत और लिपू दलाई सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, सभासद, समाजसेवी व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें देखिये …