हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा सिसेंडी, नंदी बाबा प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

सत्येंद्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

लखनऊ।  सिसेंडी कस्बे में  बुधवार को शिवमय हो उठा। श्री वृद्धेश्वर महादेव (बुढ़वा बाबा) मंदिर में आयोजित नंदी बाबा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत निकली भव्य शोभायात्रा में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं, युवाओं और बच्चों ने भाग लिया।

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के मुख्य यजमान जगदीश मिश्रा रहे। वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन आचार्य गोपाल जी शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुआ। मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों और विभिन्न मंदिरों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा के पुनः मंदिर पहुंचने के बाद नंदी बाबा की प्रतिमा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और भक्ति, आस्था एवं उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित विपिन बिहारी, बोधा जी, बहादुर सिंह, मनोज शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार ललित दीक्षित, बब्बू शुक्ला, सुरेश सिंह, प्रदीप सिंह, सुनील चौरसिया, जीतू सिंह, प्रदीप गुप्ता, राजू साहू, विवेक सिंह, प्रेमचंद्र मिश्रा, अनूप दीक्षित, अनिल सिंह, श्याम प्रकाश दीक्षित, दिलीप सिंह, अनुराग दीक्षित, राजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।