शराब पिलाकर युवक को पीटा, गला दबाने का भी आरोप; दो भाइयों पर मुकदमा

सत्येंद्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

लखनऊ।  मोहनलालगंज इलाके के गौरा गांव में शराब पिलाने के बाद एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक को गंभीर चोटें आई हैं। शिकायत पर पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरा गांव निवासी राजकुमारी पत्नी बाबूलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जून की रात करीब 11 बजे गांव निवासी राजाराम पुत्र फूलचंद उनके बेटे वीरेंद्र को अपने साथ ले गया। आरोप है कि राजाराम ने अपने घर के बाहर वीरेंद्र को शराब पिलाई। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद होने पर राजाराम और उसके भाई राजू ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई कर दी।

पीड़िता के अनुसार मारपीट में वीरेंद्र के शरीर पर कई जगह चोटें आईं, जबकि उसके गले में भी गंभीर चोट लगी है। आरोप है कि घटना के बाद दोनों भाइयों ने वीरेंद्र को जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।

पुलिस ने राजकुमारी की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।