लखनऊ । निगोहा कस्बे में स्थित इंडेन गैस एजेंसी के संचालक और एक समाजसेवी के बीच उपजा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। गैस की घटतौली और कालाबाजारी का विरोध करने पर एजेंसी संचालक द्वारा समाजसेवी के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। इस मामले में गुरुवार को प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने एसडीएम मोहनलालगंज से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
बुधवार को स्थानीय समाजसेवी मोइन खान गैस एजेंसी में हो रही कथित घटतौली और कालाबाजारी की शिकायत लेकर एजेंसी पहुंचे थे। आरोप है कि जब उन्होंने इस पर विरोध जताया, तो संचालक राजीव सैनी आगबबूला हो गए। मोइन का आरोप है कि संचालक ने उनके साथ न केवल गाली-गलौज और अभद्रता की, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
एसडीएम से मिले प्रेस क्लब के पदाधिकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को प्रेस क्लब के अध्यक्ष विमल सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम मोहनलालगंज पवन पटेल से मिला। विमल सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एजेंसी का लाइसेंस किसी अन्य के नाम पर है, लेकिन इसका संचालन राजीव सैनी द्वारा मनमाने ढंग से किया जा रहा है। एजेंसी का गैस गोदाम सरकारी चक मार्ग पर अवैध रूप से बनाया गया है।इससे पहले भी एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ अभद्रता की घटना हो चुकी है।
होगी कठोर कार्रवाई: एसडीएम
शिकायत को सुनने के बाद एसडीएम पवन पटेल ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जे और अभद्रता के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि संचालक दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विधिक और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
“एसडीएम मोहनलालगंज गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली और अवैध निर्माण को लेकर शिकायत मिली है। जांच के निर्देश दिए गए हैं, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
पवन पटेल
एसडीएम मोहनलालगंज