लखनऊ । तेज गर्मी और लू के कहर के बीच जहां आम जनजीवन प्रभावित है, वहीं निगोहां क्षेत्र से सेवा और मानवता की एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर राहगीरों और वाहन चालकों को गर्मी से राहत देने के लिए रोजाना ठंडा शरबत पिलाया जा रहा है।
पेट्रोल पंप संचालक अरुण सिंह तोमर, मैनेजर विजय सिंह और उनकी टीम द्वारा यह सेवा दोपहर के समय शुरू की जाती है, जब तापमान अपने चरम पर होता है। पंप पर आने वाले ग्राहकों, बाइक सवारों, कार चालकों और राहगीरों को बिना किसी भेदभाव के ठंडा शरबत वितरित किया जा रहा है।

भीषण गर्मी में यह छोटी-सी पहल लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। पंप पर रुकने वाले लोग जहां शारीरिक रूप से राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं इस सेवा भाव से समाज में सकारात्मक संदेश भी पहुंच रहा है।
शरबत का लाभ लेने वाले कई लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में इस तरह की निःस्वार्थ सेवा दुर्लभ है। उनका मानना है कि गर्मी में इस तरह की मदद किसी वरदान से कम नहीं होती।
पेट्रोल पंप प्रबंधन का कहना है कि बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए यह पहल शुरू की गई है, ताकि लोगों को कुछ पल सुकून मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में यह सेवा जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर अन्य सामाजिक कार्य भी किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं और दूसरों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। निगोहां की यह पहल यह साबित करती है कि छोटी-सी कोशिश भी बड़ा बदलाव ला सकती है।