भीषण गर्मी में बेजुबानों के लिए फरिश्ता बने अधिवक्ता ओम प्रकाश, सूखे तालाब में भरवाया पानी

लखनऊ। भीषण गर्मी और बढ़ती जल किल्लत के बीच जहां इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी पानी के लिए भटक रहे हैं, वहीं निगोहा क्षेत्र के सैदापुर गांव निवासी अधिवक्ता ओम प्रकाश ने संवेदनशील पहल करते हुए मिसाल पेश की है। उन्होंने गांव के कुंवर गढ़ी स्थित सूखे पड़े सरकारी तालाब में जानवरों के लिए पानी भरवाकर बड़ी राहत पहुंचाई है।

ग्रामीणों के अनुसार, इलाके के अधिकांश तालाब सूख चुके हैं, जिससे आवारा पशुओं के सामने गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया था। इस समस्या को देखते हुए ओम प्रकाश ने निजी स्तर पर पहल करते हुए किराए के सबमर्सिबल पंप से तालाब में पानी भरवाने की व्यवस्था की। गांव के ही पंकज मिश्रा के सबमर्सिबल पंप से पाइपलाइन के जरिए तालाब को पानी से भर दिया गया।

इस दौरान सहयोग की भावना भी देखने को मिली। ओम प्रकाश ने बताया कि जब पंकज मिश्रा को किराया देने की बात आई, तो उन्होंने केवल 1500 रुपये ही लिए और बाकी राशि लेने से इनकार करते हुए इस पुण्य कार्य में अपना योगदान दिया। इस तरह यह पहल सामूहिक सेवा का उदाहरण बन गई।

ओम प्रकाश ने बताया कि वह हर साल गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों के लिए इस तरह के प्रयास करते हैं और आगे भी इसे जारी रखेंगे। उनकी इस पहल से जहां बेजुबान जानवरों को राहत मिली है, वहीं गांव में उनकी सराहना भी हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के कार्य समाज को नई दिशा देते हैं और दूसरों को भी सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। सोशल मीडिया पर भी इस मानवीय पहल की जमकर तारीफ की जा रही है।