लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर पुलिस ने कड़ा संदेश दिया है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने गुंडा एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मनबढ़ व्यक्तियों को जिला बदर कर शहर की सीमा से बाहर कर दिया है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के न्यायालय के आदेश पर थाना पीजीआई, बंथरा और मोहनलालगंज क्षेत्रों के आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम-1970 की धारा-3 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, इन व्यक्तियों की गतिविधियां लगातार क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए खतरा बन रही थीं, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया।
कार्रवाई के तहत थाना पीजीआई क्षेत्र के राजेंद्र प्रसाद (41 वर्ष) और रुकमणी राय (39 वर्ष) को 6-6 माह के लिए जिला बदर किया गया है। वहीं बंथरा थाना क्षेत्र के अमित रावत उर्फ राजा (23 वर्ष) को 6 माह और मोहनलालगंज क्षेत्र के रामखिलावन उर्फ रामखेलावन (48 वर्ष) को 3 माह के लिए लखनऊ की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन आरोपियों की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। बार-बार चेतावनी के बावजूद सुधार न होने पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित व्यक्ति जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।