लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे में शनिवार को स्वर्गीय सुजीत पांडे की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कस्बा स्थित आदर्श शिक्षा निकेतन ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां कड़ाके की ठंड के बीच गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 15 हजार कंबलों का वितरण किया गया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय सुजीत पांडे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत मोहनलालगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय पांडे के नेतृत्व में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए।

गौरतलब है कि मोहनलालगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान स्वर्गीय सुजीत पांडे की 20 दिसंबर 2020 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके निधन के बाद उनकी जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए उनके पुत्र अजय पांडे द्वारा जननायक सुजीत पांडे मेमोरियल ट्रस्ट का गठन किया गया, जो निरंतर सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय है।
अजय पांडे ने बताया कि पिता की स्मृति में ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर कंबल वितरण के साथ-साथ दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वर्गीय सुजीत पांडे के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि स्व. पांडे का संपूर्ण जीवन जनसेवा, मानवीय मूल्यों और गरीबों के कल्याण के प्रति समर्पित रहा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिवम पांडे, भाजपा नेता वीरेंद्र, शशांक सिंह, नागेश्वर द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार योगेन्द्र तिवारी, अखिलेश द्विवेदी, ललित दीक्षित, अनुपम मिश्रा, अंकित पांडे, ऋषि द्विवेदी, इकबाल अहमद सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।