कोहरे में दुर्घटना रोकथाम को लेकर पुलिस सतर्क, नगराम थाने में गोष्ठी

 

लखनऊ। सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज विकास कुमार पांडेय ने सर्किल के थाना नगराम में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गोष्ठी में मौजूदा मौसम और क्षेत्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसीपी ने कहा कि कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसे रोकने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली, ठेले और अन्य धीमी गति से चलने वाले वाहनों पर रेडियम पट्टी लगाना बेहद जरूरी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाकर वाहन चालकों और ग्रामीणों को इसके प्रति जागरूक करें, ताकि रात और घने कोहरे के समय दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।

इसके साथ ही एसीपी ने नकबजनी और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ग्राम सुरक्षा समितियों के साथ समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर सतर्कता बढ़ाकर और स्थानीय लोगों को पुलिस से जोड़कर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

गोष्ठी में रात्रि गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। एसीपी ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सतर्कता व जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।

गोष्ठी के दौरान थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर पुलिस अधिकारियों से सुझाव भी लिए गए।