लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के फुलवरिया मोड़ पर बीते गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार गम्भीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पीजीआई क्षेत्र के ईश्वरीखेड़ा निवासी अखिलेश (35), जो मोहनलालगंज के रंजीतखेड़ा में मकान निर्माण का कार्य करा रहे थे, बीते गुरुवार देर शाम अपने घर लौट रहे थे। फुलवरिया मोड़ के पास उनकी बाइक में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
घायल मजदूर को तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी इलाज के लिए भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया।
मृतक अखिलेश अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उनके परिवार में पत्नी सुलेखा, दो बेटे आयुष और कार्तिक और एक बेटी कनिका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।