लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में बीटेक के छात्र की जान चली गई। उल्टी दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने सामने से स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी, जिससे कार सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।
सरोजनी नगर के पिपरसण्ड गांव निवासी किसान धीरज शुक्ला के पुत्र सक्षम शुक्ला (19) उन्नाव जिले के नवाबगंज स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में बीटेक का छात्र था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी स्विफ्ट कार से कंप्यूटर परीक्षा देने के लिए विश्वविद्यालय जा रहा था। जैसे ही वह बंथरा थाना क्षेत्र के हिंदुस्तान अकैडमी के पास पहुंचा, तभी उल्टी दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सक्षम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को तत्काल ट्रामा सेंटर भेजा, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।मृतक के परिवार में पिता धीरज शुक्ला, मां लक्ष्मी और छोटी बहन छवि हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।