पत्नी के लिए खाना ले जा रहे मजदूर की सड़क हादसे में मौत

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पत्नी के लिए खाना लेकर अस्पताल जा रहे मजदूर की तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पिपहरी गांव निवासी गोविंद कुमार रावत (43) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसने दो वर्ष पूर्व दुदइया खेड़ा निवासी अंजलि से प्रेम विवाह किया था। अंजलि कानपुर रोड स्थित कटी बगिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती थी, जहां उसने बुधवार को एक बच्ची को जन्म दिया।

गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे, गोविंद अपनी बहन ईशा के घर, चनखरा से पत्नी के लिए खाना लेकर पैदल अस्पताल जा रहा था। जैसे ही वह कानपुर रोड पर दादूपुर मोड़ के पास पहुंचा, पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में गोविंद को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। नवजात बेटी के जन्म के अगले ही दिन पिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।