लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए पृथ्वी दिवस के मौके पर मस्तीपुर के जूनियर हाई स्कूल और हाई स्कूल में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर स्कूल परिसर में पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया और प्रकृति को बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जयपुरिया स्कूल से आईं अध्यापिका प्रांसी तिवारी, हाई स्कूल की प्रधानाचार्य किरण यादव, जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव दीक्षित, शिक्षक शशि , देवेंद्र सिंह और ग्राम प्रधान सूर्यकुमार द्विवेदी की मौजूदगी में छात्रों ने उत्साह के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान पीपल और नीम समेत कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी हैं और इनके बिना जीवन संभव नहीं है। उन्होंने बच्चों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।
बच्चों में दिखा उत्साह
पौधारोपण के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
हर साल बढ़े हरियाली, यही लक्ष्य
कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित और हरा-भरा बनाया जाएगा।