लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के बाथरूम में रखे पानी से भरे टब में डूबने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गढ़ा गांव के टेढ़िया मोहल्ला निवासी मजदूर सोनू रावत की दो वर्षीय बेटी तान्या सुबह करीब आठ बजे घर में खेलते-खेलते बाथरूम तक पहुंच गई। उस समय परिवार के अन्य सदस्य बरामदे में चाय पी रहे थे, जबकि बच्ची की मां रसोई में काम कर रही थी।
बताया जा रहा है कि खेलते समय बच्ची टब में रखे गिलास को धोने लगी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह मुंह के बल पानी से भरे टब में गिर गई। कुछ देर तक किसी को इसकी भनक नहीं लगी।
काफी देर तक बच्ची नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाथरूम में पहुंचने पर तान्या टब में अचेत अवस्था में मिली। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर नगराम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता सोनू रावत ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं—तीन वर्षीय आन्या और दो वर्षीय तान्या। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां का विलाप सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो उठे।
घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी छोटी बच्ची की इस तरह अचानक मौत से हर कोई स्तब्ध है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, छोटे बच्चों को पानी से भरे टब या किसी भी बर्तन के पास अकेला छोड़ना बेहद खतरनाक हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही भी ऐसे दर्दनाक हादसों का कारण बन सकती है।