नशे में दबंगों ने महिला के घर पर पथराव, विरोध पर परिवार को पीटा

लखनऊ। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के सभा खेड़ा, कल्ली पश्चिम में गुरुवार देर रात शराब के नशे में दबंगों ने एक महिला के घर पर पथराव कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला व उसके पूरे परिवार को लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी के बेंट और अन्य हथियारों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सभाखेड़ा निवासी सवित्री देवी ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ घर में थीं, तभी रात करीब 12 बजे परदीन, प्रदीप और दो अज्ञात लोग नशे की हालत में पहुंचे और घर पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने मिलकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। हमले में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सवित्री देवी के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़िता का पूरा परिवार घायल अवस्था में है। पुलिस ने सवित्री देवी की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।