लखनऊ।
पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के कल्ली पश्चिम में शुक्रवार तड़के बारात से लौट रहे युवक को दबंगों ने घेरकर मारपीट कर दी। शोर सुनकर बचाव में पहुंचे उसके बेटे और भाई पर भी आरोपियों ने हमला कर घायल कर दिया। भीड़ जुटने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमोल निवासी राम सजीवन ने बताया कि वह गुरुवार रात गांव से बारात में बांके बिहारी लॉन पहुंचे थे, जहां उनकी मुलाकात अमोल निवासी जगदीश, रमेश, ललऊ और बब्लू से हुई। पुरानी रंजिश के चलते वहां आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी थी, लेकिन लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत करा दिया।
पीड़ित के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 1:30 बजे जब वह बारात से लौट रहे थे, तभी साहू सिटी के पास चारों आरोपियों ने घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर उनका बेटा रोहित और भाई अजय बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटकर लहूलुहान कर दिया।
घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।