सुनार को गोली मारकर डेढ़ करोड़ के जेवर लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, चोरी की बाइक और पिस्टल बरामद

लखनऊ। गोसाईंगंज में सुनार के पैर में गोली मारकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये के जेवर लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल और गोसाईंगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवर, घटना में इस्तेमाल की गई .32 बोर की पिस्टल, पांच  कारतूस और चोरी की अपाचे बाइक बरामद हुई है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, बीती  23 जून की रात मुंशीगंज रामबाग रोड स्थित ज्वैलर्स सचिन कुमार वर्मा दुकान बंद कर अपने भाई की दुकान के जेवर भी बैग में रखकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। बंगला भवानी मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी और जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

घटना के खुलासे के लिए डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर चार टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 600 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर सोमवार देर रात दहेरामऊ अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम यादव उर्फ कुंदन (24) और अंकुल यादव उर्फ गोले (20) निवासी ककोहिया, थाना सिकरारा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ज्वैलर्स की रेकी करते थे और चोरी की बाइक से वारदात को अंजाम देते थे। विरोध होने पर गोली मारने से भी पीछे नहीं हटते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने रायबरेली और चंदौली में भी सुनारों को गोली मारकर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक हजरतगंज क्षेत्र से चोरी की गई थी। मामले में फरार तीसरे आरोपी सोनू यादव की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, .32 बोर की पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक बरामद हुई है। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने सफल खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।