लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ जबरन दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 4 जुलाई की रात की है। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। साक्ष्य और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह 4 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे घर की छत पर सो रही थी। पानी पीने के लिए नीचे आने पर गांव का रहने वाला अजय कुमार कथित तौर पर उसका मुंह दबाकर उसे घर से उठाकर पास के जंगल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।
शिकायत के आधार पर मोहनलालगंज थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरिकंशगढ़ी अंडरपास के पास से आरोपी अजय कुमार (37), निवासी गोपालखेड़ा, थाना मोहनलालगंज, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि मामले की विवेचना जारी है।