लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र में प्लॉट दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, पैन कार्ड, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, उन्नाव की रहने वाली गायत्री देवी ने 9 जनवरी 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि सर्वेश पाण्डेय और उसके साथियों ने प्लॉट बेचने का झांसा देकर उनसे रुपये ले लिए। आरोप है कि इस दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। पीड़िता के पति भारतीय थल सेना में कार्यरत हैं।
जांच के दौरान पीजीआई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने वांछित आरोपी सर्वेश कुमार पाण्डेय (36) निवासी रतन खंड, शारदानगर, आशियाना को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड, तीन डेबिट कार्ड और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और अपने शौक पूरे करने के लिए इस तरह की ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।