लखनऊ। उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी ‘स्किल हब’ बनाने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) मुख्यालय में आयोजित ‘कौशल संवाद सम्मेलन’ में कौशल विकास से जुड़े इंडस्ट्री ट्रेनिंग पार्टनर्स, प्रशिक्षण प्रदाता, उद्योग प्रतिनिधि और अन्य हितधारक एक मंच पर जुटे। सम्मेलन में युवाओं के कौशल, रोजगार और उद्यमिता को नई दिशा देने के लिए व्यापक मंथन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरिओम तथा मिशन निदेशक पुलकित खरे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन का उद्देश्य कौशल विकास कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी, उद्योगोन्मुखी और युवाओं की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप बनाना था।

मुख्य अतिथि डॉ. हरिओम ने कहा कि कौशल विकास केवल प्रमाणपत्र प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने उद्योगों से अपनी मानव संसाधन आवश्यकताओं की स्पष्ट मैपिंग करने तथा जिला स्तर पर उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाने की जरूरत है। इसके लिए विभाग उद्यमिता मार्गदर्शन, बैंकिंग सहायता और हैंडहोल्डिंग के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि कौशल विकास मिशन की सफलता सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने उद्योगों से प्रशिक्षण प्रक्रिया में सीधे भागीदार बनने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे उद्योगों को अपनी जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान ड्रॉपआउट दर कम करने के लिए बेहतर काउंसलिंग और अभिभावकों से संवाद बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई।

सम्मेलन में डिजिटल लर्निंग, लाभार्थी फीडबैक, प्रशिक्षण गुणवत्ता, ब्लेंडेड लर्निंग, उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल और जिला स्तर पर मांग एवं आपूर्ति की मैपिंग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने सुझाव भी साझा किए, जिन पर विभागीय अधिकारियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
कार्यक्रम के दौरान यूपीएसडीएम के साथ लंबे समय से जुड़े और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इंडस्ट्री ट्रेनिंग पार्टनर्स को सम्मानित किया गया। इनमें स्किल्ड टेलरिंग इंस्टीट्यूट बाय रेमंड, JITM Skills Private Limited, VLCC Healthcare, U2L Learning Solutions Limited और Nalanda Engicon Private Limited शामिल रहे।