लखनऊ। गोमती नगर वार्ड में आयोजित जन चौपाल में बुधवार को स्थानीय नागरिकों ने पेयजल संकट, सीवर व्यवस्था, जर्जर नाले और आवारा कुत्तों की समस्या प्रमुखता से उठाई। नागरिकों की शिकायतें सुनने के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा जन चौपाल अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जोन-4 के गोमती नगर वार्ड स्थित मारुति पुरम पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया गया।

जन चौपाल में स्थानीय नागरिकों ने मारुति पुरम और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की समस्या को प्रमुखता से उठाया। लोगों ने बताया कि लंबे समय से पानी की कमी बनी हुई है, जिससे रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर महापौर ने जलकल विभाग के अधिकारियों को समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय नागरिकों ने एचएएल नाले की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया। महापौर ने बताया कि नाले की मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जन चौपाल में सीवर व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। नागरिकों ने बताया कि कई स्थानों पर सीवर जाम रहने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। इस पर संबंधित अधिकारियों को सीवर लाइनों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और डॉग बाइट की घटनाओं को लेकर भी लोगों ने चिंता व्यक्त की। महापौर ने अधिकारियों को प्रभावी अभियान चलाकर समस्या के समाधान और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। नगर निगम शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पार्षद कौशल शंकर पाण्डेय, राजेश सिंह ‘गब्बर’, संजय सिंह राठौर, मंडल अध्यक्ष अभिषेक राय, पूर्व पार्षद राम कुमार वर्मा, अवधेश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य लेखा अधिकारी महामिलिंद लाल, महाप्रबंधक जलकल कुलदीप सिंह, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।