लखनऊ। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी स्थित कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान (KSSSCI) और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के बाद ESIC से जुड़े लाभार्थियों को संस्थान में कैशलेस कैंसर उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में समझौते को अंतिम रूप दिया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, डॉ. रुचि सक्सेना तथा वरिष्ठ शोध सलाहकार डॉ. सुरेंद्र श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं ESIC की ओर से क्षेत्रीय निदेशक आर.सी. झा और उनकी टीम ने भागीदारी की।

बैठक के दौरान कैंसर उपचार सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और मरीजों के हित में बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में समय और आर्थिक संसाधनों की बड़ी भूमिका होती है। ऐसे में यह समझौता मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
MoU के तहत अब ESIC लाभार्थी कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में उच्च स्तरीय कैंसर उपचार, जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाएं कैशलेस व्यवस्था के अंतर्गत प्राप्त कर सकेंगे। इससे मरीजों और उनके परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा तथा उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा।
बैठक में संस्थान में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को ESIC के तहत आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। इससे कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर त्वरित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
संस्थान प्रशासन ने विश्वास जताया कि यह समझौता कैंसर रोगियों के लिए वरदान साबित होगा और भविष्य में दोनों संस्थानों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग और अधिक मजबूत होगा। साथ ही मरीजों को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।