SDRF ने दिखाई तैयारियों की झलक, बाढ़ आपदा पर राज्यव्यापी मॉक ड्रिल संपन्न

लखनऊ। मानसून सीजन से पहले उत्तर प्रदेश में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में प्रदेश के 44 जनपदों की 118 तहसीलों में विभिन्न विभागों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने हिस्सा लिया।

इस मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान विभिन्न विभागों की तैयारियों, समन्वय क्षमता और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र का परीक्षण करना था। अभ्यास के दौरान बाढ़ की वास्तविक परिस्थितियों का सृजन कर राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया।

राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) उत्तर प्रदेश ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रदेश के 16 जिलों—गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बदायूं, प्रयागराज, मिर्जापुर, बरेली, उन्नाव, कानपुर, मथुरा, जालौन, अयोध्या, गोंडा, वाराणसी, बाराबंकी, मेरठ और लखनऊ में अपनी प्रशिक्षित टीमों को तैनात किया। इसके अलावा अंतर्राज्यीय समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और बिहार की टीमों ने भी क्रमशः प्रयागराज, बरेली, मथुरा और गोरखपुर में सहभागिता की।

मॉक ड्रिल के दौरान खोज एवं बचाव अभियान (सर्च एंड रेस्क्यू), नाव संचालन, जलमग्न क्षेत्रों से लोगों की सुरक्षित निकासी और प्राथमिक उपचार जैसी गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही बॉडी वॉर्न कैमरा और सैटेलाइट फोन जैसे आधुनिक संचार उपकरणों की कार्यक्षमता भी परखी गई।

इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन सेवा, एनडीआरएफ, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य संबंधित विभागों ने भी हिस्सा लिया। सभी एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ आपदा प्रबंधन की समेकित कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया।

SDRF उत्तर प्रदेश के सेनानायक आईपीएस श्याम नारायण सिंह, उपसेनानायक अशोक कुमार सिंह (प्रशासनिक) और उपसेनानायक हरेन्द्र यादव (ऑपरेशनल) के निर्देशन में आयोजित इस राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज को सफल माना गया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभ्यास वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक साबित होंगे।

सेनानायक  कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और आपदा जोखिम को कम करने के लिए बल हर समय पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।