लखनऊ। बिजनौर पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात ‘गिट्टा गैंग’ का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की गई है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, दो जून को कमलापुर निवासी मनोज कुमार ने बिजनौर थाने में तहरीर देकर बताया था कि एक और दो जून की रात अज्ञात चोर उनकी ज्वैलरी दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 से 300 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद गुरुवार को किसान पथ अंडरपास के पास सर्विस रोड से निलोफर उर्फ गिट्टा, प्रियांशु उर्फ दीपांशु और अमन को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बंद पड़ी दुकानों और मकानों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर शटर काटकर या तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद सुनसान स्थान पर एकत्र होकर माल का बंटवारा कर लेते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई घटनाओं में इनकी संलिप्तता सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों में निलोफर उर्फ गिट्टा, प्रियांशु उर्फ दीपांशु और अमन के खिलाफ राजधानी के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य आपराधिक मामलों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी आकाश पांडेय उर्फ सूरज की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
बरामद सामान में सोने की नथ, चूड़ी, लॉकेट और चेन के अलावा चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठियां समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।