
लखनऊ। बंथरा पुलिस ने महिला विशिष्ट बीट के त्रैमासिक अभियान के तहत मंगलवार को विनायक ट्रॉमा सेंटर, बंथरा में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस टीम ने अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ को यातायात माह, साइबर सुरक्षा तथा मिशन शक्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
अधिकारियों ने 112, 1090, 1076, 181, 1098, 102, 108 और 1930 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के महत्व को समझाते हुए बताया कि जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का कैसे उपयोग किया जा सकता है। साथ ही साइबर अपराधों से बचने के तरीके, ऑनलाइन ठगी की पहचान, संदिग्ध लिंक न खोलने और ओटीपी साझा न करने जैसी अहम सावधानियों पर भी जोर दिया गया।
यह भी पढ़े… मोहनलालगंज में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पहचान अज्ञात—पुलिस जांच में जुटी
पुलिस टीम ने UP COP ऐप की उपयोगिता तथा महिला सुरक्षा केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी भी साझा की। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक गुलाब कली, उपनिरीक्षक नेहा यादव और कांस्टेबल प्रबल सुमन ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। पुलिस टीम का कहना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी क्रमवार जारी रहेंगे, ताकि समाज में सुरक्षा और जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।