1912 कंट्रोल रूम पहुंचे ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर जताई नाराजगी

लखनऊ। लखनऊ में रविवार को प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत शिकायत सेवा केंद्र 1912 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खुद उपभोक्ताओं से फोन पर बातचीत कर बिजली शिकायतों के निस्तारण की जमीनी हकीकत जानी।

ऊर्जा मंत्री ने शिकायत निस्तारण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए पाया कि कई मामलों में ऑपरेटर केवल शिकायत संबंधित अधिकारियों को फॉरवर्ड कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान रहे हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि सिर्फ शिकायत अग्रसारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि समस्या का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान हुआ या नहीं।

मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और उपभोक्ताओं से सीधे संपर्क कर समाधान की गुणवत्ता का फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायत निस्तारण में उदासीनता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।