लखनऊ । चंदर नगर आलमबाग बस स्टैंड स्थित बाला जी ढाबा रेस्टोरेंट में रविवार को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल, चंदर नगर आलमबाग के तत्वावधान में “क्षेत्रीय व्यापारी सम्मेलन” एवं “सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया और बाजार से जुड़ी समस्याओं को खुलकर सामने रखा। इस दौरान संगठन की चंदर नगर आलमबाग इकाई में 30 नए व्यापारियों ने सदस्यता ग्रहण की।
व्यापारियों ने उठाए कई अहम मुद्दे
सम्मेलन में व्यापारियों ने बिना कनेक्शन के जलकर बिल भेजे जाने, कॉमर्शियल हाउस टैक्स में वृद्धि, जीएसटी विभाग द्वारा कथित गलत नोटिस व उत्पीड़न, विद्युत विभाग की समस्याएं, ट्रांसफॉर्मर मेंटीनेंस नोटिस, अस्थायी अतिक्रमण, पब्लिक टॉयलेट, स्ट्रीट लाइट, शस्त्र लाइसेंस, स्वास्थ्य बीमा, रिटेल ट्रेड पॉलिसी, ई-कॉमर्स पॉलिसी सहित कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
मेट्रो से पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता अपने पदाधिकारियों के साथ लेखराज मेट्रो स्टेशन से आलमबाग बस अड्डा तक मेट्रो ट्रेन का उपयोग कर कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

व्यापारियों को राजनीतिक रूप से मजबूत होने का आह्वान
संबोधन में संजय गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारी वर्ग को राजनीतिक रूप से मजबूत होना होगा और हर व्यापारी परिवार से एक सदस्य को राजनीति में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने सम्मान और स्वाभिमान से समझौता न करें। संगठन हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने “न गलत करें, न गलत बर्दाश्त करें” का संदेश देते हुए जाति-धर्म से ऊपर उठकर व्यापारी वर्ग को एक मजबूत वोट बैंक के रूप में संगठित होने की अपील की।
संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह चड्ढा, प्रदेश मंत्री संदीप सिंह गौड़, नगर अध्यक्ष हजिंदर सिंह, नगर महामंत्री मोहित कपूर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
चंदर नगर आलमबाग इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सिंह मोनी एवं महामंत्री रघुवर दयाल पांडे ने बाजार की समस्याएं रखीं। वहीं चेयरमैन हरीश कोहली ने जीएसटी और इनकम टैक्स से जुड़े मुद्दों को उठाया।
बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद
सम्मेलन में सुरेंद्र कुमार चौधरी, वीरेंद्र कुमार ग्रोवर, राजेश कुमार, लीलाधर वाजपेई, जसपाल सिंह नामधारी, हरजिंदर सिंह गुलाटी, मनप्रीत सिंह बिट्टू, आरके वर्मा, गुरप्रीत सिंह सचदेवा, रणवीर सिंह भसीन, रामकुमार, वीरेंद्र कुमार भारती, बलबीर गुप्ता, लकी साहनी, संजय कमलिया, चार्टर्ड अकाउंटेंट मनोज लाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।