लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। थाना मोहनलालगंज पुलिस ने एक लावारिस बैग बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी तक सुरक्षित पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में एक संदिग्ध लावारिस बैग मिलने पर उपनिरीक्षक अनुज गुप्ता ने सुरक्षा के मद्देनजर बैग की जांच की। बैग के भीतर हाईस्कूल से लेकर ग्रेजुएशन तक की मार्कशीट, एक मोबाइल फोन और इयरबड्स मिले।
दस्तावेजों के आधार पर बैग स्वामी की पहचान करते हुए पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। पता चला कि बैग गरिमा सिंह और यश प्रताप सिंह निवासी समथर, जनपद झांसी का था। दोनों भाई-बहन काशीश्वर इंटर कॉलेज में यूपीएससी परीक्षा देने आए थे और जल्दबाजी में उनका बैग रास्ते में गिर गया था।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यश प्रताप सिंह और उनके पिता कौशल किशोर सिंह को थाने बुलाया। आवश्यक सत्यापन के बाद बैग सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
मोहनलालगंज पुलिस की इस कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस की यह संवेदनशीलता आमजन में भरोसा मजबूत करने का काम करती है।