लखनऊ। लखनऊ के होटल लिलीविलास में आयोजित समारोह में अमेठी जनपद के बाजार शुकुल निवासी चिकित्सक डॉ. रमेश चंद्रा को “नेशनल आइकन अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें चिकित्सा सेवा और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
समारोह में बॉलीवुड अभिनेता राजा मुराद और प्रदेश सरकार के मंत्री नटवर गोयल सहित देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। इस अवसर पर डॉ. रमेश चंद्रा ने मंच साझा करते हुए अमेठी और बाजार शुकुल क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
राजधानी लखनऊ में जनरल फिजीशियन के रूप में सेवाएं दे रहे डॉ. रमेश चंद्रा ने हजारों जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क उपचार कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने फ्रंटलाइन वॉरियर के रूप में लगातार मरीजों की सेवा की। केजीएमयू में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ उन्होंने प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को मुफ्त चिकित्सा परामर्श दिया और जरूरतमंदों को दवाइयां भी उपलब्ध कराईं।
इतना ही नहीं, कोविड संकट के दौरान उन्होंने अपने निजी खर्च से गरीब परिवारों तक भोजन और राशन पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की। उनका यह सेवा अभियान आज भी लगातार जारी है। वे नियमित रूप से मेडिकल कैंप लगाकर गरीब और जरूरतमंद लोगों का निशुल्क इलाज करते हैं।
स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय माना जाता है। जागरूकता शिविरों के माध्यम से वे लोगों को स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हैं और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध कराते हैं।
डॉ. रमेश चंद्रा को इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित हस्तियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इनमें पूर्व मुख्य न्यायाधीश के. जी. बालकृष्णन, अभिनेत्री सुधा चंद्रन, पूर्व क्रिकेटर मदन लाल, चेतन शर्मा और भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना शामिल हैं।
सम्मान मिलने के बाद डॉ. रमेश चंद्रा ने कहा कि समाजसेवा ही उनके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है और वे आगे भी जरूरतमंदों की हर संभव मदद करते रहेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर अमेठी और बाजार शुकुल क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
