लखनऊ। विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एसजीपीजीआई, लखनऊ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से सोमवार सुबह निगोहां क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली पद्मश्री प्रोफेसर आर.के. धीमन, निदेशक एसजीपीजीआई, और प्रोफेसर राधा के, प्रिंसिपल कॉलेज ऑफ नर्सिंग के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। कार्यक्रम के संचालन में एसोसिएट प्रोफेसर श्री यदिद्य और शिक्षण स्टाफ के विनोद कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रैली में एम.एससी. नर्सिंग प्रथम वर्ष और बी.एससी. नर्सिंग चौथे वर्ष के 55 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। सुबह 9:30 बजे प्रारम्भ हुई यह रैली नग राम क्रॉस से निंगोहा मार्केट तक होकर उसी मार्ग से वापस लौटी। लगभग 3 किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान छात्रों ने नारे, पोस्टर और संदेशों के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स से सावधान रहने और रोकथाम के उपाय अपनाने का संदेश दिया। रैली के मार्ग पर लगभग 1000 से 1500 लोगों तक संदेश पहुँचाया गया।
जागरूकता बढ़ाने के लिए छात्रों ने रास्ते में दो स्थानों पर सड़क नाटक (स्ट्रीट प्ले) भी प्रस्तुत किए। इन नाटकों में एचआईवी/एड्स के कारण, संक्रमण के तरीके, बचाव, परीक्षण और उपचार संबंधी जानकारी को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे स्थानीय लोगों ने ध्यानपूर्वक देखा और सराहा।

इस वर्ष विश्व एड्स दिवस की थीम—“विघ्नों पर विजय—एड्स प्रतिक्रिया में परिवर्तन”को केंद्र में रखते हुए छात्रों ने समुदाय को संदेश दिया कि जागरूकता ही संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने का सबसे बड़ा हथियार है।
स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में गहरी रुचि दिखाई और छात्रों द्वारा दी गई जानकारी को सराहनीय बताया। आयोजन का उद्देश्य एचआईवी/एड्स को लेकर फैली गलतफहमियों को दूर करना और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना था।