जंबूरी में 38 हजार से अधिक की ओपीडी, 255 भर्ती—स्वास्थ्य विभाग रहा पूरी तरह अलर्ट

लखनऊ।  पीजीआई इलाके के वृंदावन योजना में स्थित भारत स्काउट्स  एवं गाइड्स की 19 वी  राष्ट्रीय जंबूरी में स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराईं। 20 से 30 नवम्बर तक चले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए 33 हजार से अधिक स्काउट्स, गाइड्स, रेंजर्स और रोवर्स के साथ विदेशी प्रतिभागियों ने भी भाग लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. बी. सिंह ने बताया कि आयोजन स्थल पर चरक जंबूरी अस्थायी अस्पताल के साथ सात डिस्पेंसरी संचालित की गईं, जहाँ 24 घंटे ओपीडी, इमरजेंसी, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी, फिजियोथेरेपी, एक्स-रे और मुफ्त चश्मा वितरण जैसी सुविधाएँ उपलब्ध रहीं। आठ दिनों में कुल 38,485 लोगों की ओपीडी हुई।

इस दौरान 255 मरीजों को अस्थायी अस्पताल में भर्ती किया गया, जिनमें 137 पुरुष और 118 महिलाएँ शामिल रहीं। इनमें से 20 मरीजों—7 पुरुष और 13 महिलाएँ—को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

आयोजन अवधि में कुल 1,845 लैब जांचें, 34 ईसीजी, 17 अल्ट्रासाउंड और 66 एक्स-रे किए गए। फिजियोथेरेपी विभाग ने 194 मरीजों का उपचार किया, जबकि 46 लोगों को मुफ्त चश्मे वितरित किए गए। रक्तदान शिविर में 40 प्रतिभागियों ने रक्तदान किया।

जंबूरी में चिकित्सा सेवाओं के संचालन हेतु लगभग 160 चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारी तैनात रहे, जिन्होंने चौबीसों घंटे अपनी जिम्मेदारियाँ निभाईं। सीएमओ ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों की प्रशंसा करते हुए इसे सफल और अनुशासित चिकित्सा प्रबंधन बताया।