तेलीबाग में बाइक सवार गनमैन को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा; CCTV खंगाल रही पुलिस

लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग चौराहे के पास शनिवार रात बाइक से ड्यूटी पर जा रहे 64 वर्षीय गनमैन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में रविंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

घटना 29 अगस्त की रात करीब 8 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, रविंद्र सिंह पुत्र लाल बहादुर सिंह निवासी लौंगा खेड़ा खरिका, तेलीबाग बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। वह तेलीबाग स्थित जुगल किशोर ज्वेलर्स में गनमैन की ड्यूटी करते थे। तेलीबाग चौराहे के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हुआ चालक

टक्कर लगने से रविंद्र सिंह बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना 30 अगस्त की सुबह पुलिस को दी गई। मृतक के दामाद रविंद्र प्रताप सिंह पुत्र अवधेश प्रताप सिंह निवासी लौंगा खेड़ा खरिका की तहरीर पर पीजीआई थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ  मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

पत्नी और दो बेटियों के पीछे छोड़ गए रविंद्र

रविंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी कमलेश कुमारी और दो बेटियां संगीता सिंह व नीतू सिंह को छोड़ गए हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है। मामले की विवेचना जारी है।